महू (इंदौर)। बारिश के मौसम में मालवा और निमाड़ की वादियों का दीदार करने वाले पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पातालपानी और कालाकुंड के बीच चलने वाली प्रसिद्ध हेरिटेज ट्रेन का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा 22 से 25 अगस्त के बीच इस ट्रेन का नियमित संचालन दोबारा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
ट्रेन महू पहुंची, जल्द शुरू होगा ट्रायल
रखरखाव (Maintenance) के लिए बीकानेर मंडल भेजे गए हेरिटेज ट्रेन के इंजन और 8 कोच वापस इंदौर होते हुए महू स्टेशन पहुंच गए हैं। कोचों को ट्रैक पर खड़ा कर दिया गया है। आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर इस ट्रैक पर ट्रेन का परीक्षण संचालन (Trial Run) किया जाएगा। ट्रायल सफल रहने के बाद रेलवे की ओर से समय-सारणी (Timetable) और संचालन की आधिकारिक तारीख की घोषणा कर दी जाएगी।
इस बार क्या होगा खास?
पहले यह ट्रेन केवल शनिवार और रविवार (वीकेंड) को चलाई जाती थी। पर्यटकों की भारी मांग को देखते हुए इस बार रेलवे इसे सप्ताह के सभी दिनों में चलाने की योजना बना रहा है। ट्रेन संचालन के साथ ही इसके किराए में भी संशोधन की संभावना जताई जा रही है। इसका अंतिम निर्णय परीक्षण पूरा होने के बाद रेलवे प्रशासन द्वारा किया जाएगा। मानसून के इस सीजन में पातालपानी का उफनता झरना और कालाकुंड की हरी-भरी पहाड़ियां व वादियां पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहती हैं।
रतलाम मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ने भी पहले ही अगस्त माह से इस ट्रेन के संचालन के संकेत दिए थे। यदि सभी ट्रायल तय समय पर सफल रहते हैं, तो पर्यटकों को 22 से 25 अगस्त के बीच बारिश में इस रोमांचक रेल सफर का आनंद लेने का मौका मिलेगा।




