भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा की वरिष्ठ महिला नेत्री एवं विदिशा विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक सुशीला देवी ठाकुर का अचानक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि विदिशा विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक श्रीमती सुशीला देवी ठाकुर के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी सुशीला देवी ठाकुर के निधन को बेहद दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस आघात को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
बता दें कि इससे पहले 15 अगस्त को भी भाजपा के वरिष्ठ नेता और पनागर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक नरेंद्र त्रिपाठी के निधन की खबर सामने आई थी। लगातार वरिष्ठ नेताओं के निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल है।




