भोपाल। मध्य प्रदेश के सेवारत शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। मंडल द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार यह बहुप्रतीक्षित परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 को पूरे प्रदेश में आयोजित की जाएगी।
21 अगस्त से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जारी टाइम टेबल के मुताबिक पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 अगस्त से शुरू होगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 4 सितंबर तक अपना आवेदन जमा कर सकेंगे। यदि फार्म भरते समय कोई त्रुटि हो जाती है, तो उसमें सुधार (संशोधन) करने के लिए 21 अगस्त से 9 सितंबर तक का समय दिया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रत्येक शिक्षक को 1000 रुपये का परीक्षा शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।
डेढ़ लाख शिक्षकों के लिए परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य
यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन में आयोजित की जा रही है। वर्ष 1998 से 2009 के बीच नियुक्त हुए सभी सेवारत शिक्षकों के लिए इस पात्रता परीक्षा को उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है। अनुमान के मुताबिक प्रदेश भर के लगभग 1.5 लाख शिक्षक इस परीक्षा में शामिल होंगे।
150 अंकों का होगा प्रश्नपत्र, नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग
परीक्षा के प्रारूप की बात करें तो प्रश्नपत्र कुल 150 अंकों का होगा, जिसमें 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक निर्धारित रहेगा और परीक्षा हल करने के लिए अभ्यर्थियों को 2 घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षार्थियों के लिए राहत की बात यह है कि इसमें कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी, यानी गलत उत्तर पर अंक नहीं काटे जाएंगे।
वर्गवार न्यूनतम उत्तीर्ण अंक निर्धारित
मंडल ने परीक्षा पास करने के लिए वर्गवार न्यूनतम उत्तीर्णांक तय किए हैं। सामान्य (अनारक्षित) वर्ग के अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण होने के लिए 60 प्रतिशत अंक (150 में से 90 अंक) हासिल करने होंगे। वहीं एससी, एसटी, ओबीसी, दिव्यांगजन और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक (150 में से 75 अंक) लाना अनिवार्य रहेगा।




