छतरपुर/सरवई। नगर में पांच दिवसीय रास महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। श्रीधाम वृंदावन से आए रासलीला के कलाकारों द्वारा स्थानीय रामलीला मंच पर इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव में प्रतिदिन रात्रिकालीन लीलाओं की प्रस्तुतियां दी जा रही हैं।भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक पहुंच रहे हैं।
महोत्सव के दौरान कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक लीलाओं का जीवंत मंचन किया जा रहा है। इसी क्रम में राधा रानी को प्रसन्न करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण के मोर रूप धारण करने की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। वहीं देवी देवकी और वसुदेव के विवाह प्रसंग को भी आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। तू टेढ़ा तेरी टेढ़ी है नजरिया, मैं सीधी, मेरी सीधी है डगरिया इस गीत पर राधा रानी और भगवान कृष्णा अपने साथियों के साथ रास करते नजर आए।
कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, पूरा रामलीला मंच बधाई गीतों और जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ भगवान के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
रास महोत्सव में प्रस्तुत हो रही लीलाएं न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत कर रही हैं, बल्कि क्षेत्र की लोक संस्कृति और पारंपरिक कला को भी जीवंत बनाए हुए हैं। पांच दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

















