छतरपुर, संदीप यादव। जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खैरी के पास 11 अक्टूबर को एक बड़ी लूट की घटना सामने आई थी। फरियादी इंद्रजीत सिंह उर्फ बबली राजा जब बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर की रथ यात्रा में शामिल होने जा रहे थे, तभी रास्ते में आरोपियों ने उन्हें अपना शिकार बनाया था। इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की थी।

जनता की सूझबूझ से पकड़ा गया था मुख्य आरोपी

घटना के दिन स्थानीय लोगों ने भारी मुस्तैदी दिखाते हुए अंतराज्यीय आरोपी शनि शर्मा को मौके पर ही दबोच लिया था। गुस्साई भीड़ ने उसकी पिटाई भी की थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को अपनी हिरासत में लिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई नगद राशि और वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद कर लिया था।

कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर आपराधिक मामले

पुलिस पूछताछ और जांच में खुलासा हुआ था कि आरोपी शनि उर्फ रामा शर्मा पुत्र बीरमपाल शर्मा, निवासी गाजीवाला शामपुर, थाना सदर कोतवाली, जिला हरिद्वार (उत्तराखंड) का एक आदतन अपराधी है। वह उत्तराखंड के सोनप्रयाग के अलावा उत्तर प्रदेश के शामली और नोएडा जैसे जिलों में लूट, चोरी और अवैध हथियारों से जुड़े कम से कम 5 संगीन मामलों में लिप्त रहा है। एसपी छतरपुर श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही थी।

इलाज के दौरान पुलिस हिरासत से हुआ फरार

मामले में नया मोड़ तब आया जब 16 अक्टूबर को आरोपी को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर ले जाया गया। पुलिस लाइन छतरपुर में पदस्थ आरक्षक विजय यादव, शिवम शर्मा और बागेश्वर धाम चौकी के संजीव उसे ग्वालियर अस्पताल ले गए थे, जहां मौका पाकर आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

अब पुलिस महकमे में तलाश तेज

आरोपी के अस्पताल से भागने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। बमीठा थाना पुलिस और छतरपुर पुलिस की टीमें अब फरार आरोपी शनि शर्मा की तलाश में जुट गई हैं। इसके साथ ही घटना में शामिल अन्य सहयोगियों की भी सरगर्मी से तलाश की जा रही है ताकि उन्हें भी जल्द कानून के शिकंजे में लाया जा सके।