छतरपुर। शहर की सड़कों पर दिनों-दिन विकराल रूप ले रही ट्रैफिक की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने कमान में बदलाव किया है। ग्वालियर से स्थानांतरित होकर आईं सूबेदार सोनम पारासर ने छतरपुर यातायात प्रभारी के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है। उनके आगमन के साथ ही शहर के नागरिकों और वाहन चालकों में यह उम्मीद जगी है कि अब शहर की बिगड़ी हुई यातायात व्यवस्था पटरी पर लौट सकेगी।

बढ़ती गाड़ियां और अव्यवस्थित पार्किंग बनी मुख्य चुनौती

शहर के प्रमुख चौराहों और बाजारों में लगातार बढ़ता वाहनों का दबाव, संकरी सड़कें और दुकानों के बाहर होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग आम जनता के लिए रोजाना की परेशानी का कारण बनी हुई हैं। पीक आवर्स के दौरान लगने वाले जाम से एम्बुलेंस तक को निकलने में मस्कत करनी पड़ती है। ऐसे में नई यातायात प्रमुख के सामने सबसे पहली और बड़ी चुनौती प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण व अवैध पार्किंग से मुक्त कराने के साथ ट्रैफिक सिग्नल और पुलिस बल के सही समन्वय से यातायात को सुचारु बनाने की होगी।

सख्त फैसलों और प्रभावी कदमों की उम्मीद

स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर में नियमों का पालन न होना और अव्यवस्था ही जाम की मुख्य वजह है। सोनम पारासर के पूर्व के अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए लोगों को उम्मीद है कि वे शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात सुधार के लिए कड़े कदम उठाएंगी। अब देखने वाली बात यह होगी कि नई यातायात कमान के तहत आगामी दिनों में छतरपुर की सड़कों पर कितना सुगम और व्यवस्थित बदलाव देखने को मिलता है।