छतरपुर, संदीप यादव। शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुरा रोड पर 3 अक्टूबर की रात्रि हुई फायरिंग और हत्या के प्रयास के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी टीपू करिया उर्फ अरशद खान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मध्य प्रदेश के अलावा कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश जैसे चार राज्यों में ताबड़तोड़ दबिश दी थी और महाराष्ट्र से उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
कॉन्ट्रैक्ट किलिंग और सुपारी का हुआ खुलासा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी टीपू करिया ने नारायणपुरा रोड पर हुई फायरिंग की घटना के पीछे कॉन्ट्रैक्ट (सुपारी) की बात कबूल की है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एक कबाड़ व्यापारी द्वारा लगभग 25 लाख रुपए में तालिब सौदागर की हत्या की सुपारी दी गई थी। गत 3 अक्टूबर को रात्रि करीब 8 बजे नारायणपुरा रोड पर हुई इस गोलीबारी में कट्टे के छर्रे तालिब की पत्नी खुशनुमा सौदागर को जा लगे थे। इस मामले में पुलिस ने पूर्व में एक अन्य आरोपी अन्नी उर्फ मेहताब खान को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की थी।
22 से अधिक गंभीर अपराधों में लिप्त है आदतन अपराधी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी टीपू करिया एक कुख्यात और आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, अवैध शराब, अवैध वसूली, अपहरण और मारपीट जैसे 22 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। आरोपी थाना कोतवाली के हत्या के प्रयास और अवैध वसूली से जुड़े मामलों के अलावा थाना नौगांव में वर्ष 2019 में दर्ज अवैध हथियार व अपहरण के प्रकरण और जबलपुर जिले के एक अन्य मामले में भी फरार चल रहा था। इस तरह वह कुल चार मामलों में वांछित था। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह, उपनिरीक्षक वीरेंद्र रैकवार, साइबर सेल के धर्मराज और उनकी पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

















