छतरपुर, संदीप यादव। मातगुवां थाना क्षेत्र के जैतुपुरा गांव में खेत से लौट रही महिला पर अचानक ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन का तार गिर गया। करंट की तेज चपेट में आने से महिला चीखने-चिल्लाने लगी। पास के खेत में काम कर रही एक बुजुर्ग महिला ने जब यह देखा तो उसने मदद के लिए आवाज लगाई।
चीख सुनकर पत्नी को बचाने दौड़ा पति, वह भी आया करंट की चपेट में
बुजुर्ग महिला की आवाज सुनकर पास ही मौजूद 28 वर्षीय चंद्रभान प्रजापति अपनी 24 वर्षीया पत्नी रुकमन प्रजापति को बचाने के लिए बिना सोच-विचार किए मौके पर पहुंचा। पत्नी को करंट से छुड़ाने के प्रयास में चंद्रभान भी बिजली के तार के संपर्क में आ गया और दोनों ही वहीं अचेत होकर गिर पड़े।
बुजुर्ग महिला ने गांव पहुंचकर दी सूचना, जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हादसा होते ही प्रत्यक्षदर्शी बुजुर्ग महिला भागकर गांव पहुंची और परिजनों को पूरी घटना से अवगत कराया। खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बदहवास हालत में खेत पहुंचे और दोनों को तत्काल जिला अस्पताल छतरपुर लेकर भागे। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस ने शुरू की जांच
एक साथ एक ही परिवार के दो युवा सदस्यों की मौत से जिला अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की खबर से जैतुपुरा गांव में भी मातम छा गया है। सूचना मिलने पर पहुंची मातगुवां थाना पुलिस ने शवों को पंचनामा बनाकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

















