छतरपुर। शहर से एक बेहद दर्दनाक और स्तब्ध कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां कक्षा 6वीं में पढ़ने वाली एक मासूम छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। शहर के प्रतिष्ठित महर्षि विद्या मंदिर स्कूल में अध्ययनरत छात्रा काव्या गुप्ता की असामयिक मृत्यु से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं प्रारंभिक तौर पर साइलेंट अटैक (कार्डियक अरेस्ट) आने की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा काव्या गुप्ता की तबीयत अचानक असामान्य रूप से खराब हो गई। हालत बिगड़ते देख परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में चिकित्सकों ने बच्ची को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उसकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही और अंततः इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।


परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्ची को अचानक सीने में तकलीफ और अचेत होने जैसी स्थिति बनी थी, जिसके चलते साइलेंट अटैक की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक और चिकित्सीय कारणों की पुष्टि के लिए स्वास्थ्य अमला जांच में जुटा है। इतनी कम उम्र में मासूम छात्रा के इस तरह अचानक दुनिया से चले जाने की खबर मिलते ही स्कूल प्रबंधन, सहपाठियों और शिक्षकों के बीच गहरा शोक छा गया है। अस्पताल परिसर से लेकर पीड़ित परिवार के घर तक कोहराम मचा हुआ है और समूचा मोहल्ला इस दुखद घटना से स्तब्ध है।