उज्जैन। मध्य प्रदेश की उज्जैन पुलिस ने हाईप्रोफाइल परिवारों की तलाकशुदा महिलाओं को सोशल मीडिया के जरिए अपने जाल में फंसाकर करोड़ों रुपये ऐंठने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। जयपुर निवासी 36 वर्षीय आरोपी मनीष तलाकशुदा और संभ्रांत परिवार की महिलाओं को शादी का झांसा देकर उनसे महंगे शौक पूरे कराता था। पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के पाली से धर दबोचा है।


बिजनेसमैन की बेटी से 1.27 करोड़ रुपये ऐंठे

आरोपी ने उज्जैन के एक नामी बिजनेसमैन की बेटी को अपना निशाना बनाया था। आरोपी ने महज तीन-चार महीनों के भीतर महिला से करीब 1.27 करोड़ रुपये खर्च करवा लिए। शुरुआत में महिला ने पुलिस में लगभग 35 लाख रुपये ठगे जाने की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन जब पुलिस ने बैंक ट्रांजैक्शन और लेन-देन की विस्तृत जांच की, तो ठगी की कुल रकम 1.27 करोड़ रुपये निकलकर सामने आई।


एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर 13 मई 2026 को माधवनगर थाने में आरोपी मनीष पिता तीरथदास (निवासी मानसरोवर, जयपुर) के खिलाफ बलात्कार और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पाली (राजस्थान) से गिरफ्तार कर लिया।


पड़ोस में किराए का मकान लेकर बढ़ाता था नजदीकी

माधवनगर थाना प्रभारी (TI) गजेंद्र पचोरिया के अनुसार, आरोपी रईस घरानों की महिलाओं को टारगेट करता था। सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती करने के बाद वह पीड़ित महिला के पड़ोस में ही किराए का मकान ले लेता था। इसके बाद नजदीकी बढ़ाकर शादी का झांसा देता और फिर कभी बिजनेस शुरू करने तो कभी व्यापार में घाटा होने का बहाना बनाकर करोड़ों रुपये ऐंठ लेता था।


आरोपी को ब्रांडेड कपड़े, महंगे जूते, लग्जरी गाड़ियाँ और आईफोन जैसे महंगे सामानों का शौक था। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल, नकदी और ऑनलाइन खरीदा गया कई लग्जरी सामान जब्त किया है।


धार और निम्बाहेड़ा की महिलाओं को भी बनाया शिकार

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी फिल्मों से काफी प्रभावित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने मोबाइल नंबर और ठिकाने बदलता रहता था। उसने धार की एक महिला को अहमदाबाद में पत्नी बनाकर रखा हुआ था, वहीं राजस्थान के निम्बाहेड़ा की एक अन्य महिला से भी इसी तरह शादी का झांसा देकर ठगी की बात सामने आई है।


आरोपी ने एक ज्वेलरी शॉप भी खोली थी, जहाँ पीड़ित महिला उससे मिलने आती थी। पुलिस अब उस दुकान के कागजातों, लेन-देन और आरोपी के अन्य बैंक खातों की गहन जांच कर रही है ताकि अन्य पीड़ित महिलाओं का भी पता लगाया जा सके।