भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मोहर्रम के अवसर पर राजधानी भोपाल के फतेहगढ़ स्थित ऐतिहासिक इमामबाड़े से पारंपरिक मातमी जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और हजरत इमाम हुसैन व कर्बला के शहीदों की याद में मातम कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान या हुसैन की सदाओं से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
मातमी जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से होकर शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा तथा अधिकारियों ने स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मोहर्रम के अवसर पर धार्मिक आस्था, भाईचारे और अमन-चैन का संदेश भी दिया गया।

