मुंबई(आईएएनए)। हॉलीवुड स्टार विन डीजल ने एक भावुक नोट साझा किया कि कैसे उन्होंने 1998 की युद्ध फिल्म 'सेविंग प्राइवेट रयान' में अपनी भूमिका के लिए मिले पहले एक्टिंग चेक का इस्तेमाल अपनी मां के लिए यूरोप का टिकट खरीदने में किया।इंस्टाग्राम पर विन डीजल ने बताया कि फिल्म के किरदार 'कैपार्जो' ने उन्हें अपनी मां के इस मंत्र की याद दिला दी, "खुद की मदद करने का सबसे अच्छा तरीका दूसरों की मदद करना है।"
विन ने पोस्ट में कहा, "वर्दी पहने ब्रुकलिन का एक लड़का, द्वितीय विश्व युद्ध... उसने अपने पिता को घर के लिए एक खत लिखा था लेकिन वह उसे कभी भेज नहीं पाया। 29 साल पहले इस किरदार को निभाने के बाद मैं घर लौटा था। एक अभिनेता के तौर पर पैरामाउंट से मुझे अपना पहला चेक मिला था।"
डीजल ने कहा, "मैं एक निर्देशक के तौर पर कान और सनडांस फिल्म फेस्टिवल में जा चुका था लेकिन तब मुझे कोई पैसे नहीं मिले थे। उस चेक से मैंने अपनी मां के लिए यूरोप का टिकट खरीदा, यह उनकी पहली यूरोप यात्रा थी।"
उन्होंने आगे कहा, "कैपार्जो के बारे में एक दिलचस्प बात है। वह एक ऐसे बच्चे की मदद करते हुए मारा गया, जिसकी मदद करने के लिए उसे किसी ने नहीं कहा था। मेरी मां भी बिल्कुल ऐसी ही हैं। उनका यही मंत्र है, खुद की मदद करने का सबसे अच्छा तरीका दूसरों की मदद करना है। मैंने उनसे पूछा कि आने वाले प्रोजेक्ट्स में से वह किसे देखने के लिए सबसे ज्यादा उत्साहित हैं। जाहिर है, फिनाले को और 'रिडिक' को भी। उन्हें 'एंटी-हीरो' पसंद हैं। हमेशा से ही पसंद रहे हैं।"
डीजल ने कहा, "कॉल्डर, नए लाइकैन्थ्रोप्स (वेयरवोल्व्स) और स्कॉटिश लोककथाएं। 'रॉक 'एम सॉक 'एम'। वह जानती हैं कि यह मेरे लिए कितना निजी है, इसे कहते हैं मल्टीटास्किंग! सनडांस को अब 30 साल हो जाएंगे। वह पार्क सिटी की उस कड़ाके की ठंड में भी वहां मौजूद थीं। कैपार्जो अपना खत कभी घर नहीं भेज पाया लेकिन यह खत मेरा है। उम्मीद है कि मैं आपको गौरवान्वित कर पाऊंगा।"
विन डीजल को 'फास्ट एंड फ्यूरियस' फ्रैंचाइजी में डोमिनिक "डॉम" टोरेटो का किरदार निभाने से काफी शोहरत मिली। उन्होंने शॉर्ट ड्रामा फिल्म 'मल्टी-फेशियल' और अपनी पहली फीचर फिल्म 'स्ट्रेज' को लिखा, निर्देशित किया, प्रोड्यूस किया और उनमें अभिनय भी किया।
1990 के दशक के आखिर में वे मशहूर हुए और 1998 में स्टीवन स्पीलबर्ग की फिल्म 'सेविंग प्राइवेट रयान' में नजर आने के बाद उन्हें पहली बार पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने 'बॉयलर रूम' और 'द पैसिफायर' जैसी व्यावसायिक रूप से सफल फिल्मों में काम किया।

















