उमरिया, तपस गुप्ता। सब्जी मंडी स्थित कलकत्ता बाजार में देर रात करीब 2 बजे अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने करीब एक दर्जन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास मौजूद 100 से अधिक अन्य दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
प्रारंभिक तौर पर आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग किन परिस्थितियों में लगी, यह हादसा था या किसी अन्य कारण से आग लगी, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस द्वारा घटना के कारणों और आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।




