देवास/सतवास, नंदकिशोर गुर्जर । पुनासा रोड स्थित पुनर्वास क्षेत्र में 55 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के अंदर मिला, जबकि उनकी बेटी घायल अवस्था में मिली। घटना के बाद करीब तीन साल की बच्ची खून से सने कपड़ों में रोते हुए घर से बाहर आई, जिसे देखकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या जैन, एसडीओपी और सतवास थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या जैन के अनुसार, प्रथम दृष्टया महिला की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घायल बेटी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


बताया गया कि मृतका माया शर्मा अकेली रहती थीं। उनकी बेटी राखी के अवसर पर मायके आई हुई थी और घटना के समय मां-बेटी दोनों साथ थीं। फिलहाल हत्या के कारण और घटना की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकी हैं। पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।