दमोह/हटा, राजेन्द्र तिवारी। हटा थाना क्षेत्र के बनगांव गांव में एकतरफा प्रेम से जुड़ी सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर 25 वर्षीय महिला की उसके पति के सामने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पुलिस ने उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।


जानकारी के अनुसार, महिला रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी मां के घर बनगांव आई थी। वह अपने पति के साथ मायके से ससुराल लौट रही थी। इसी दौरान गांव के बाहर आरोपी युवक ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि युवक ने पहले महिला के साथ गाली-गलौज की और इसके बाद धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी कुछ देर तक मौके पर ही मौजूद रहा।


घटना की सूचना मिलते ही हटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस उसे उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंची। फिलहाल उसका इलाज जारी है।


पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में दावा किया है कि मृतक महिला उसके घर के सामने रहती थी और दोनों के बीच करीब 15 वर्षों से प्रेम संबंध थे। आरोपी ने यह भी दावा किया कि महिला के कहने पर ही उसने उसकी हत्या की। हालांकि, पुलिस इन दावों की पुष्टि नहीं कर रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।