धार/गंधवानी। आगामी त्योहारों को शांति, आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने के उद्देश्य से गंधवानी थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मनावर एसडीओपी ब्रजेश मालवीय, मनावर तहसीलदार विजय तलवारे, नायब तहसीलदार सरिता गामड़ एवं गंधवानी थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना की उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान नगर के सर्व समाज के वरिष्ठ गणमान्य नागरिकों, विभिन्न समाजों के प्रमुखों और क्षेत्र के पत्रकारों से अधिकारियों ने सीधा संवाद किया। इस दौरान आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। प्रबुद्धजनों ने भी क्षेत्र की व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव प्रशासन के सामने रखे। प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक में मौजूद सभी नागरिकों से त्योहारों को पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की। इसके साथ ही सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी तरह की भ्रामक खबरों और अफवाहों से बचने की हिदायत दी गई है। अधिकारियों ने दो टूक कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की आशंका होने पर तुरंत गंधवानी पुलिस को सूचित करें ताकि समय रहते त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

