आशा, चाचा जी और मास्टरजी ब्रांड के नाम से चल रहा था अवैध गुटखे का खेल, राजस्व, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Advertisement
नौगांव (छतरपुर), कमल यादव। शहर से सटे ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से जड़ें जमाए बैठे अवैध गुटखा कारोबार पर प्रशासन ने एक बार फिर बड़ा प्रहार किया है। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत नयागांव में पंचायत भवन के समीप संचालित एक अवैध गुटखा फैक्ट्री पर राजस्व, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान मौके से गुटखा बनाने की मशीन सहित भारी मात्रा में निर्मित माल जब्त किया गया है।
विस्तृत जानकारी के अनुसार, नयागांव निवासी अरुण रिछारिया के मकान में यह अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी, जिसे श्रीनगर निवासी राकेश गुप्ता द्वारा चलाया जा रहा था। मुखबिर की सटीक सूचना पर प्रशासनिक टीम ने जब दबिश दी, तो वहां 'आशा, चाचा जी और मास्टरजी' जैसे स्थानीय ब्रांड्स का देशी गुटखा तैयार किया जा रहा था। टीम ने मौके से 11 बोरा तैयार तंबाकू युक्त देशी गुटखा, एक अत्याधुनिक पैकिंग मशीन, खाली पाउच की पन्नियां और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा बरामद किया है।
सैंपल जांच के लिए भेजे गए, लैब रिपोर्ट के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान एसडीओपी अमित मेश्राम, थाना प्रभारी वाल्मिक चौबे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी वंदना जैन मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी वंदना जैन ने बताया कि मौके से जप्त की गई सामग्री का पंचनामा तैयार कर लिया गया है और गुटखा के नमूने (सैंपल) लैब टेस्टिंग के लिए भेजे जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मकान मालिक के बयान दर्ज किए जाएंगे और लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध गुटखा माफिया सक्रिय हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ऐसे अवैध कारखानों से न केवल शासन को राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि अमानक सामग्री के उपयोग से लोगों के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है।


