श्योपुर, उत्तम सिंह। सामान्य वन मंडल की खाड़ी रेंज अंतर्गत मोरेका बीट और टर्रा पश्चिम बीट की सीमा पर वन भूमि में पिछले करीब एक माह से बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि खनन माफिया दोनों बीटों की सीमा का फायदा उठाकर जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से लगातार मिट्टी का उत्खनन कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर सामने आए वीडियो और अन्य साक्ष्यों में वन भूमि पर खुलेआम खनन होता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार अब तक हजारों ट्रॉली मिट्टी का अवैध उत्खनन एवं परिवहन किया जा चुका है, जिससे वन क्षेत्र और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। आरोप है कि दिन-रात चल रहे इस अवैध कारोबार के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
मामले में जब खाड़ी रेंजर दिनेश कौशल से पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने यह कहते हुए बयान देने से इनकार कर दिया कि मीडिया को अधिकृत बयान वरिष्ठ अधिकारी ही देंगे। इसके बाद एसडीओ तथा डीएफओ करण सिंह रंधा से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दो बीटों की सीमा का बहाना बनाकर कार्रवाई से बचा जा रहा है, जबकि वन भूमि पर लगातार अवैध खनन जारी है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब यह देखना होगा कि सामने आए वीडियो और आरोपों के बाद वन विभाग एवं जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

