छतरपुर, संजय अवस्थी। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर में रेत के विवाद ने एक भयानक रूप ले लिया। दो सगे भाइयों ने एक युवक को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए हैं जबकि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार लवकुशनगर के संजय नगर क्षेत्र में चंद्रशेखर और आरोपी गोलू पटेल तथा रवि पटेल के बीच खेत से बालू ले जाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के कुछ देर बाद ही आरोपियों ने ट्रैक्टर से चंद्रशेखर की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चंद्रशेखर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि मृतक चंद्रशेखर तनय शिवप्रसाद पटेल को घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया था जहां उन्हें ब्रॉट डेड बताया गया। वर्तमान में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को आइडेंटिफाई कर लिया है। आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है और परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं जो घटना के बाद से फरार हैं। एसपी ने कहा कि प्राथमिक तौर पर जानकारी मिली है कि आरोपी गोलू पटेल और रवि पटेल तथा चंद्रशेखर के बीच बालू को खेत से ले जाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के पश्चात आरोपियों ने ट्रैक्टर से मृतक चंद्रशेखर की गाड़ी को टक्कर मार दी। घायल को जिला अस्पताल लाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गई। आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है और आगे वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।











