इंदौर। शहर के मरीमाता पानी की टंकी के पास स्थित महाराणा प्रताप वेलफेयर सोसाइटी के वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में करीब 14 वर्षीय एक बालक डंडे से बुजुर्ग महिलाओं की पिटाई करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए हैं।


घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर शिवम वर्मा ने एसडीएम और तहसीलदार को मौके पर भेजा। जांच के दौरान प्रशासन ने वृद्धाश्रम में रह रहे 30 बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी। स्वस्थ बुजुर्गों को गांधी नगर स्थित निराश्रित आश्रम एवं गणेश वृद्धाश्रम भेजा जा रहा है, जबकि अस्वस्थ बुजुर्गों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। प्रशासन ने वृद्धाश्रम को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।


बाणगंगा थाना पुलिस के अनुसार, वृद्धाश्रम की संचालिका नीलम दुबे से पूछताछ की गई। एसीपी रुबीना मिजवानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बालक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। वह करीब पांच माह पहले अपनी मां के साथ वृद्धाश्रम में रहने आया था। मां की झुलसने से मौत होने के बाद वह यहीं रह रहा था।


पुलिस के मुताबिक, बुधवार को एक बुजुर्ग महिला से विवाद के बाद बालक ने डंडे से हमला कर दिया। वायरल वीडियो में बीच-बचाव करने वालों के साथ भी वह हाथापाई करता दिखाई दे रहा है। फिलहाल बच्चे की काउंसलिंग कराई जाएगी तथा उसे वृद्धाश्रम से हटाकर बाल संरक्षण संस्था (चाइल्ड लाइन के माध्यम से) भेजने की तैयारी की जा रही है। वहीं प्रशासन पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटा है।