चेन्नई। अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह ओमरजाई ने वनडे फॉर्मेट की 36 पारियों में 50 छक्के पूरे कर लिए हैं। इसी के साथ ओमरजाई सबसे कम पारियों में यह कारनामा करने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।भारत के खिलाफ एमए चिदंबरम स्टेडियम में जारी वनडे सीरीज के तीसरे मैच में अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 56 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 50 रन की पारी खेली।

वनडे फॉर्मेट में सबसे कम पारियों में छक्कों का अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन के नाम पर है, जिन्होंने 32 पारियों में ऐसा किया था। वहीं, इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन ने 34 पारियों में 50 छक्के पूरे किए थे। ओमरजाई ने यूएई के मोहम्मद वसीम की बराबरी की है, जिन्होंने 36 पारियों में इस मुकाम हासिल किया था। वेस्टइंडीज के शिमरोन हेटमायर और इंग्लैंड के हैरी ब्रूक 38-38 पारियों में 50 वनडे छक्के पूरे कर चुके हैं।

चेन्नई में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी अफगान टीम को महज 5 के स्कोर पर रहमानुल्लाह गुरबाज (5) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद इब्राहिम जादरान ने रहमत शाह के साथ दूसरे विकेट के लिए 21 रन जोड़े। रहमत 15 गेंदों में सिर्फ 5 ही रन का योगदान दे सके।

अफगान टीम ने 36 के स्कोर तक इब्राहिम जादरान (11) और दरवेश रसूली (1) के विकेट भी खो दिए थे, जिसके बाद अजमतुल्लाह ओमरजाई ने हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ पांचवें विकेट के लिए 114 गेंदों में 105 रन जोड़कर टीम को 141 के स्कोर तक पहुंचाया।

यह अफगानिस्तान के लिए से भारत के खिलाफ तीसरी 100+ रनों की साझेदारी रही। संयोग की बात यह है कि इन तीनों ही साझेदारियों में हशमतुल्लाह शाहिदी शामिल रहे हैं।

भारत ने मेहमान अफगान टीम के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच को पारी और 300 रन से अपने नाम किया था। इसके बाद धर्मशाला में खेले गए बारिश से प्रभावित वनडे सीरीज के शुरुआती मैच को टीम इंडिया ने 7 विकेट से अपने नाम किया। दूसरे वनडे मैच में 170 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए मेजबान टीम ने सीरीज पर कब्जा जमा लिया। अब भारत की निगाहें तीसरे वनडे मैच को जीतकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने पर होंगी।