छतरपुर, संतोष शिवहरे/शिवम सोनी। जिला अस्पताल छतरपुर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रवि सोनी ने इलाज के साथ संवेदनशीलता और मानवीयता की मिसाल पेश की। बिजावर क्षेत्र से पैरों की समस्या का इलाज कराने पहुंचे मासूम नमन का जन्मदिन अस्पताल परिसर में ही केक काटकर मनाया गया। बच्चे की बीमारी और अस्पताल के माहौल के बीच जन्मदिन पर मुस्कान लाने के लिए डॉ. सोनी ने पहल की। नर्सिंग स्टाफ और नमन के माता-पिता भी इस खुशी में शामिल हुए।


जानकारी के अनुसार, बिजावर निवासी नमन पिछले कुछ समय से पैरों की समस्या से परेशान था। उसके परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि सोनी ने जांच के बाद उसके पैरों का उपचार शुरू किया। इसी दौरान डॉ. सोनी को पता चला कि नमन का जन्मदिन भी उसी दिन है।


बच्चे की इच्छा और मासूमियत को देखते हुए अस्पताल में ही केक मंगवाया गया। डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और परिजनों की मौजूदगी में नमन ने केक काटा। अस्पताल में कुछ देर के लिए उपचार के माहौल की जगह खुशियों का माहौल बन गया और आसपास मौजूद मरीज व उनके परिजन भी इस खुशी में शामिल हुए।


अपने बच्चे को मुस्कुराते हुए देखकर नमन के माता-पिता भावुक हो गए। उन्होंने डॉ. रवि सोनी और अस्पताल स्टाफ का आभार जताया। उनका कहना था कि उन्होंने उम्मीद नहीं की थी कि इलाज के साथ उनके बच्चे को अस्पताल में इतना अपनापन और स्नेह भी मिलेगा। डॉ. सोनी के इस मानवीय प्रयास की अस्पताल प्रबंधन और स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।