चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। छतरपुर जिले के चंदला थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3 में मई माह के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। डायल-112 के माध्यम से एक महिला के आग से झुलसने की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता पुष्पा अहिरवार ने उपचार के दौरान पुलिस को दिए गए बयान में अपने साथी राम मनोज कुशवाहा पर विवाह को लेकर हुए विवाद के चलते ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का आरोप लगाया था। घटना के बाद पुलिस ने पीड़िता के कथनों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इलाज के दौरान पुष्पा अहिरवार की मृत्यु हो जाने पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण में हत्या की धारा भी जोड़ दी। इसके बाद चंदला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राम मनोज कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।




