तेहरान। होर्मुज स्ट्रेट में शनिवार को एक और तेल टैंकर बारूदी सुरंग से टक्राकर आग की चपेट में आ गया। ईरानी नौसेना का आरोप है बार-बार चेतावनी देने के बाद भी नियमों का उल्लंघन करते हुए तेल टैंकर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर गया और बारूदी सुरंग से टकरा गया। इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी नौसेना ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट के पूर्वी हिस्से में एक तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। बताया गया कि जहाज एक प्रतिबंधित और असुरक्षित क्षेत्र से गुजर रहा था।
आईआरएनए की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी नौसेना ने कहा कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद यह टैंकर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर गया था। घटना के समय उसने अपने नेविगेशन सिस्टम भी बंद कर रखे थे। बयान के मुताबिक, टैंकर सुबह तड़के समुद्री सुरंग से टकराया, जिससे उसमें आग लग गई और वह आगे बढ़ने में असमर्थ हो गया।
आईआरएनए के अनुसार, इस घटना के बाद ईरानी नौसेना ने एक बार फिर चेतावनी दी कि जो जहाज प्रतिबंधों का उल्लंघन करेंगे और उसके निर्देशों को नजरअंदाज करेंगे, उन्हें ऐसे ही परिणामों का सामना करना पड़ सकता है।
शुक्रवार को इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने भी बताया था कि होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों में आग लग गई थी। उसके अनुसार, ये जहाज ईरानी अधिकारियों से समन्वय किए बिना प्रतिबंधित जल क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे।
आईआरजीसी का दावा है कि ये जहाज बिना अनुमति वाले मार्गों से जलडमरूमध्य छोड़ने की कोशिश कर रहे थे। साथ ही उन्होंने अपने नेविगेशन और पहचान संबंधी सिस्टम भी बंद कर रखे थे। आईआरजीसी ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें 'आक्रामक और आतंकवादी अमेरिकी सेना' का समर्थन प्राप्त था।
आईआरएनए के अनुसार, ईरानी अधिकारियों ने पिछले कुछ समय से वाणिज्यिक जहाजों को बार-बार चेतावनी दी है कि वे तेहरान द्वारा असुरक्षित और अनधिकृत घोषित मार्गों का इस्तेमाल न करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया है कि सभी जहाजों को ईरान के समुद्री समन्वय नियमों का पालन करना चाहिए।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब होर्मुज स्ट्रेट और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर तनाव बना हुआ है। यह जलमार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक माना जाता है, इसलिए यहां होने वाली किसी भी घटना पर पूरी दुनिया की नजर रहती है।















