पन्ना/शाहनगर, प्रकाश तिवारी। क्षेत्र के ग्राम मरहा में गुरुवार सुबह जंगली सियार के हमले में एक 6 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद वन विभाग की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए बच्ची को अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवन्ति बाई (6) पिता देवराज आदिवासी, निवासी ग्राम मरहा, अपने नाना भगवानदास के घर आई हुई थी। सुबह करीब 8 बजे बालिका घर के बाहर जंगल से सटे इलाके में टहल रही थी, तभी अचानक झाड़ियों से निकलकर आए एक सियार ने उस पर हमला कर दिया। मासूम की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां तुरंत मौके की ओर दौड़ी। मां ने हिम्मत दिखाते हुए सियार पर पत्थर बरसाए, जिससे सियार बच्ची को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। सियार के इस हमले में मासूम के सिर और चेहरे के हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं।
वन विभाग ने पहुंचाया अस्पताल, कटनी रेफर
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। डिप्टी रेंजर राम प्रसाद पटेल ने तत्काल घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शाहनगर पहुंचाया और विभाग की ओर से फौरी आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की। प्राथमिक उपचार के उपरांत डॉक्टरों ने बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।













