छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर की प्रमुख और व्यस्ततम सड़कों में शामिल जवाहर रोड इन दिनों बुरी तरह बदहाल हालत में है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों ने इस सड़क को वाहन चालकों के लिए खतरे की जद में ला दिया है। खासकर दोपहिया वाहन और ई-रिक्शा चालकों के लिए यह रास्ता अब परेशानी का बड़ा सबब बन चुका है। गड्ढों में गिरने या अचानक झटका लगने का खतरा लगातार बना रहता है, जिससे हादसे की आशंका बढ़ गई है।
सड़क की जर्जर हालत के कारण वाहनों के आवागमन के दौरान धूल और डस्ट के गुबार लगातार उड़ते रहते हैं। यह धूल न सिर्फ राहगीरों बल्कि आसपास के दुकानदारों के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर रही है। धूल के गुबार से वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित होती है, जिससे दुर्घटना का खतरा और भी बढ़ जाता है। गहरे गड्ढों में बाइक सवारों या ई-रिक्शा चालकों के गिरने की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जवाहर रोड शहर की महत्वपूर्ण सड़क है जहां दिनभर बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता रहता है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत और गड्ढों को भरने की दिशा में कोई गंभीर प्रयास नहीं दिख रहा है। लोग प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने और धूल की समस्या से निजात दिलाने की मांग कर रहे हैं।
इसी तरह शहर की अन्य प्रमुख सड़कों की हालत भी दयनीय बनी हुई है। पन्ना रोड, बाजार क्षेत्र की मऊदरवाजा सड़क और महल रोड पर भी गड्ढे और जर्जर स्थिति आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। नगरवासी उम्मीद कर रहे हैं कि प्रशासन इन सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता देकर यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाएगा।






