मोकी (चीन), 9 सितंबर । जूनियर विमेंस एशिया कप 2026 के अपने आखिरी एलीट पूल मैच में भारत ने चीन के साथ गोलरहित ड्रॉ खेला। इस नतीजे के साथ भारत ने पूल स्टेज में बिना कोई मैच गंवाए 10 अंक (तीन जीत और एक ड्रॉ) हासिल किए और बेहतर गोल अंतर के कारण एलीट पूल में पहला स्थान सुनिश्चित किया।
भारत अब अपना ध्यान नॉकआउट स्टेज पर लगाएगा, जहां 10 सितंबर को 'क्वार्टर-फाइनल 1' में उसका मुकाबला पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तान चार मुकाबलों में सात प्वाइंट के साथ चैलेंजर पूल में तीसरे स्थान पर रहा।
बुधवार को मोकी में खेले गए इस मुकाबले में चीन ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में करते हुए लगातार भारत के हाफ में हमले किए और भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाया। मेजबान टीम को शुरुआती दौर में ही पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारत ने शानदार बचाव करते हुए उन्हें बढ़त बनाने का मौका नहीं दिया।
पहले क्वार्टर में सात मिनट से भी कम समय शेष था, इस बीच चीन को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला। हालांकि, भारतीय गोलकीपर निधि ने शानदार बचाव करते हुए स्कोर बराबर रखा।
इस बचाव से भारत का आत्मविश्वास बढ़ा और उसने हमले शुरू किए। हालांकि, चीन का डिफेंस मजबूत बना रहा और उन्होंने भारत के हमलों को अच्छे से रोका, जबकि मेजबान टीम ने भी काउंटर-अटैक के जरिए खतरा पैदा करने की कोशिश की, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी और पहला क्वार्टर बिना किसी गोल के खत्म हुआ।
भारत ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत आक्रामक इरादे के साथ करते हुए चीनी डिफेंस पर और ज्यादा दबाव बनाने की कोशिश की। इस बीच, चीन ने भी खतरनाक अंदाज बनाए रखा। क्वार्टर खत्म होने में सात मिनट से कुछ ज्यादा समय रहते चीन को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारत ने एक बार फिर मजबूती से बचाव करते हुए मैच का खाता खुलने से रोक दिया।
भारत ने लगातार दबाव बनाकर जवाब दिया और दूसरे क्वार्टर में 3 मिनट से भी कम समय रहते पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया। चीन ने शुरुआती कोशिश को रोक दिया, लेकिन भारत को दोबारा पेनाल्टी कॉर्नर मिला। चीनी डिफेंस एक बार फिर मजबूती से डटा रहा और खतरे को टाल दिया। इसी के साथ दूसरा क्वार्टर 0-0 के स्कोर पर खत्म हुआ।
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने एक-दूसरे पर हमले किए; भारतीय डिफेंस मजबूत बना रहा, जबकि चीन ने गोल करने के मौके तलाशे। भारत ने भी अटैकिंग हाफ में मौके बनाए, लेकिन कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं कर सकी। तीसरे क्वार्टर में 5 मिनट से भी कम समय शेष था कि चीन को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारत ने एक बार फिर स्थिति को अच्छे से संभाला और गेंद को क्लीयर कर दिया। तीसरा क्वार्टर बिना किसी गोल के खत्म हुआ।
चौथे क्वार्टर में दोनों टीमें पहला गोल करने की कोशिश करती रहीं। भारत ने डिफेंस में अनुशासन बनाए रखा और अटैक में मौके बनाने की कोशिश की, लेकिन चीनी डिफेंस भी मजबूत रहा। दोनों तरफ से कोशिशों के बावजूद, कोई भी टीम विरोधी टीम के डिफेंस को भेद नहीं सकी और मैच 0-0 से ड्रॉ पर खत्म हुआ।
इस नतीजे के बाद भारत और चीन को एक-एक प्वाइंट मिला और दोनों टीमें एलीट पूल स्टेज में तीन जीत और एक ड्रॉ के साथ 10 प्वाइंट पर रहीं। हालांकि, बेहतर गोल अंतर के कारण भारत एलीट पूल में टॉप पर रहा।




