नई दिल्लीदेशभर से उच्च शिक्षण संस्थानों के 1,000 विद्यार्थियों को ‘तिरुक्कुरल’ का अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। ‘तिरुक्कुरल’ एक महान तमिल साहित्यिक ग्रंथ है। काशी तमिल संगमम 5.0 के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों के तो इसके अध्ययन का अवसर मिलने जा रहा है। सोमवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने दोहराया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल के कालजयी विचारों और शिक्षाओं से परिचित कराना है। इसके साथ ही विभिन्न भाषाओं के माध्यम से भारतीय ज्ञान और संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के लिए देश के अनेक उच्च शिक्षण संस्थानों को आमंत्रित किया गया है। ये उच्च शिक्षण संस्थान अपना पंजीकरण करा सकते हैं। प्रत्येक संस्थान को उनके यहां पढ़ने वाले एक-एक विद्यार्थी का नामांकन करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
गौरतलब है कि इन संस्थानों के चयनित विद्यार्थी अपनी पसंद की भाषा में तिरुक्कुरल के छंदों और उनके अर्थों का अध्ययन करेंगे। इस पहल के तहत चुने गए सभी 1,000 विद्यार्थियों को इंटर्नशिप करने का अवसर भी मिलेगा। इसके लिए प्रत्येक विद्यार्थी को 10,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस प्रकार, विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को समझने के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का भी मौका मिलेगा। इच्छुक उच्च शिक्षण संस्थान और विद्यार्थी इस कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी तथा पंजीकरण के लिए काशी तमिल संगमम आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।
काशी तमिल संगमम के इस प्रयास के माध्यम से तमिल भाषा और साहित्य की समृद्ध परंपरा को देश के विभिन्न हिस्सों के विद्यार्थियों तक पहुंचाने और भाषाई व सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। काशी तमिल संगमम का यह पांचवां संस्करण है। यह संस्करण काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने इसके लिए पंजीकरण पोर्टल का शुभारंभ किया था।
यह कार्यक्रम देश के 1,000 उच्च शिक्षण संस्थानों में चलेंगे। इसका आयोजन 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक होगा। इससे छात्रों को भाषाई विविधता और ज्ञान परंपराओं को करीब से समझने का मौका मिलेगा। इस बार आयोजन की मुख्य विषयवस्तु ‘तिरुक्कुरल पढ़ें और समझें’ रखी गई है। इसका उद्देश्य तमिल भाषा के प्राचीन ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ में समाहित नैतिक और जीवन मूल्यों को देश के युवाओं और विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। इस ग्रंथ की शिक्षाएं केवल पढ़ने तक सीमित नहीं हैं।













