तिरुवनंतपुरम, 27 मई । केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने बुधवार को चथन्नूर विधायक बी.बी. गोपकुमार को केरल विधानसभा में भाजपा/एनडीए विधायक दल का नेता नियुक्त किए जाने पर बधाई दी।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि गोपकुमार का पंचायत सदस्य से लेकर विधायक और अब एनडीए विधायक दल के नेता तक का सफर उनकी वर्षों की मेहनत, समर्पण और जनता के प्रति सेवा भावना को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गोपकुमार विधानसभा में एनडीए का नेतृत्व करते हुए केरल के विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाएंगे।

राजीव चंद्रशेखर ने बी.बी. गोपकुमार से मुलाकात भी की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की गईं तस्वीरों में देखा जा सकता है कि वह बी.बी. गोपकुमार को गले लगा रहे हैं।

भाजपा के केरल इकाई के पोस्ट में बीबी गोपकुमार की राजनीतिक यात्रा और योगदान की सराहना की गई। पोस्ट में कहा गया कि वे चथन्नूर की राजनीति में बदलाव लाने वाले प्रमुख नेता हैं, जिन्होंने लंबे समय से चली आ रही पारंपरिक राजनीतिक व्यवस्थाओं को चुनौती दी और विकास की राजनीति को आगे बढ़ाया है।

पार्टी ने उन्हें एक शिक्षक और संगठनात्मक रूप से मजबूत कार्यकर्ता बताया, जिन्होंने 'गोपालन सर' के रूप में जनता के बीच पहचान बनाई है। भाजपा ने यह भी कहा कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में सफल रहे हैं और उनके प्रयासों से पार्टी का जनाधार बढ़ा है।

पोस्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि गोपकुमार के नेतृत्व में चथन्नूर में विकास और पारदर्शी शासन की दिशा में काम होगा तथा केंद्र सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। बीबी गोपकुमार के चयन को केरल विधानसभा के इतिहास में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम बताया जा रहा है। यहां पहली बार एनडीए ने स्पीकर पद के लिए भी उम्मीदवार उतारा था।

बता दें कि केरल विधानसभा के चुनाव में भाजपा के तीन उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। इसमें चथन्नूर विधानसभा क्षेत्र से बी.बी. गोपकुमार, कजहाकूट्टम से वी. मुरलीधरन और नेमोम सीट से प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर विजयी रहे हैं।