इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर क्राइम ब्रांच ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।


क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्कीम नंबर-134 स्थित फरीदाबाग कब्रिस्तान के पास पानी की टंकी के नजदीक दो संदिग्ध युवक खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों युवक घबराने लगे, जिससे उन पर संदेह और गहरा गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम सरफराज उर्फ शब्बु और अमन उर्फ सलमान, निवासी देवास, बताए।


तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 30 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स बरामद की गई। पुलिस ने तत्काल दोनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बस के माध्यम से एमडी ड्रग्स लेकर इंदौर आते थे और रास्ते में उतरकर पैदल डिलीवरी देने जाते थे, ताकि पुलिस और अन्य लोगों की नजर से बच सकें।


पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को ड्रग्स कहां से प्राप्त होती थी और वे शहर में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करते थे। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।