छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के राजनगर क्षेत्र के ललपुरवा गांव के पास एक कुएं में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान करिया बिजा निवासी 32 वर्षीय सीताराम पाल उर्फ बबलू के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।


सूचना मिलते ही खजुराहो थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


प्रारंभिक तौर पर युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।