श्योपुर, उत्तम सिंह। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले की ग्राम पंचायत राधापुरा से एक मार्मिक मामला सामने आया है। लगातार हो रही बारिश के बीच शमशान घाट पर शेड नहीं होने के कारण ग्रामीणों को तिरपाल की सहायता से एक शव का अंतिम संस्कार करना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, गांव में एक व्यक्ति के निधन के बाद परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। वहां बारिश से बचाव के लिए न तो कोई शेड था और न ही पर्याप्त व्यवस्था। चिता जलाने के दौरान तेज बारिश शुरू होने पर ग्रामीणों ने तिरपाल तानकर चिता को बारिश से बचाया, ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी हो सके।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से शमशान घाट पर शेड और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य नहीं हो सका है। वहीं, पंचायत स्तर पर भूमि और अन्य प्रशासनिक कारणों का हवाला दिए जाने की बात भी सामने आ रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से शमशान घाट पर स्थायी शेड और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मामले में विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना शेष है।