छतरपुर/बंसिया। छतरपुर जिले के बंसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरा ग्राम पंचायत के मोती पुरवा गांव में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली पारिवारिक विवाद में पति ने अपनी ही पत्नी पर धारदार हंसिये से जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत के बाद आरोपी पति ने उसी धारदार हथियार से खुद का भी गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल पति को नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ससुराल से पत्नी को लेकर लौटा था, रात में हुआ खूनी संघर्ष
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोती पुरवा निवासी रामकुंवर के पुत्र राजा बाबू केवट का विवाह पन्ना जिले के मुहाना गांव निवासी सियाप्यारी के साथ हुआ था। रविवार को ही राजा बाबू अपनी ससुराल मुहाना जाकर पत्नी सियाप्यारी को विदा कराकर अपने घर मोती पुरवा लाया था। बीती रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर राजा बाबू ने घर में रखे धारदार हंसिये से पत्नी के गले व शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे अत्यधिक खून बह जाने के कारण सियाप्यारी की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
खुद पर भी किया धारदार हथियार से हमला, जिला अस्पताल में भर्ती
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी राजा बाबू ने उसी धारदार हथियार से अपने गले पर भी गहरा वार कर खुदकुशी की कोशिश की। घर से चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि सियाप्यारी का शव खून से लथपथ पड़ा था और राजा बाबू गंभीर रूप से घायल अवस्था में तड़प रहा था। परिजनों ने आनन-फानन में घायल राजा बाबू को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही रात में पहुंची पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही बंसिया थाना पुलिस देर रात ही दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक कलह को वारदात की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस द्वारा परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।




