जबलपुर, अनुराग शुक्ला। मदनमहल थाना क्षेत्र के तीन पत्ती चौक पर हुए चर्चित DJ संचालक कपिल प्यासी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी अंकुश सोंधिया सहित एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ था, वहीं पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
जानकारी के अनुसार बीते दिनों तीन पत्ती चौक के पास पुराने विवाद और आपसी रंजिश को लेकर कपिल प्यासी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल कपिल को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी अंकुश सोंधिया का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में शामिल एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने आपसी विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट हो सके। वहीं मृतक कपिल प्यासी के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है तथा पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




