भोपाल। मध्यप्रदेश शासन ने पुलिस मुख्यालय स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। एडीजी चंचल शेखर को खेल एवं युवा कल्याण विभाग का नया संचालक बनाया गया है, वहीं अब तक खेल संचालक की जिम्मेदारी संभाल रहे एडीजी अंशुमन यादव को पुलिस मुख्यालय में गुप्तवार्ता (इंटेलिजेंस) और साइबर का अहम जिम्मा सौंपा गया है।
गृह विभाग की सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी चंचल शेखर (एडीजी, वि.स.बल एवं अतिरिक्त प्रभार एसआईएसएफ) की सेवाएं खेल एवं युवक कल्याण विभाग को सौंपते हुए उन्हें संचालक पदस्थ किया गया है। वहीं 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी अंशुमन यादव को खेल विभाग से वापस बुलाकर एडीजी गुप्तवार्ता के पद पर पदस्थ किया गया है। साथ ही उन्हें एडीजी साइबर, पुलिस मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इसके अलावा दो वरिष्ठ अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार में भी विस्तार किया गया है। 1993 बैच के आईपीएस व विशेष पुलिस महानिदेशक (महिला सुरक्षा) अनिल कुमार को अपने वर्तमान कार्य के साथ विशेष पुलिस महानिदेशक (अजाक) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं 1997 बैच के आईपीएस डी. श्रीनिवास वर्मा (एडीजी नारकोटिक्स व एसटीएफ) को वर्तमान प्रभार के साथ-साथ एडीजी वि.स.बल और एडीजी एसआईएसएफ की भी अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।




