सागर, स्वाति सोलंकी। महिलाओं की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं के लिए तैयार किए गए महिला सुविधा गृह की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सिविल लाइन क्षेत्र स्थित महिला सुविधा गृह के भीतर एक पुरुष के मौजूद होने और वहां लगे बिस्तर पर आराम फरमाने का मामला सामने आया है। इस घटनाक्रम ने संबंधित विभाग और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

महिलाओं के लिए आरक्षित इस परिसर के अंदर बिस्तर लगे हुए देखे गए, जिनमें से एक बिस्तर पर एक पुरुष बेखौफ सोता हुआ नजर आया। नियमों के मुताबिक, ऐसे केंद्र केवल महिलाओं के उपयोग और उनकी सुविधा के लिए होते हैं। ऐसे में परिसर के भीतर पुरुष की मौजूदगी यह सवाल पैदा करती है कि क्या वहां पुरुषों के ठहरने की कोई आधिकारिक अनुमति है या फिर निगरानी के अभाव में नियमों की अनदेखी हो रही है।

इस मामले में सबसे बड़ी चूक संबंधित विभाग के अधिकारियों की निगरानी को लेकर मानी जा रही है। केंद्र का नियमित निरीक्षण न होने के कारण इस तरह की स्थिति बनी है। स्थानीय स्तर पर अब यह मांग उठ रही है कि प्रशासन तत्काल मौके का मुआयना कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए। साथ ही, सुविधा गृह के संचालन के नियमों और वहां पुरुष की मौजूदगी के कारणों को सार्वजनिक कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।