छतरपुर,संजय अवस्थी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पन्ना नाके पर स्थित प्रसिद्ध बलराम स्वीट्स में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का मिठाई, समान और फर्नीचर चंद मिनटों में जलकर राख हो गया। पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
आग लगने के साथ ही दुकान से घना काला धुआं उठने लगा जो दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोगों ने तुरंत सूचना दी, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने में नगरपालिका के टैंकर भी लगाए गए। हालांकि आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन दुकान का काफी बड़ा नुकसान हो चुका था।
दुकान मालिक किसनचंद्र अग्रवाल के परिवार ने बताया कि आग अचानक लगी और इतनी तेजी से फैली कि कुछ बचाने का मौका ही नहीं मिला। लाखों रुपये का सामान पल भर में स्वाहा हो गया। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण से आग लगी हो सकती है। पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं।
यह घटना छतरपुर शहर के व्यस्त इलाके में हुई है, जहां आसपास कई अन्य दुकानें और आवासीय इलाका भी है। आग की चपेट में आने से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा हुआ है। स्थानीय प्रशासन ने दुकानदार परिवार को सहायता का आश्वासन दिया है।

