होली को लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय में बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

Advertisement
भोपाल,जीतेन्द्र यादव । होली पर्व को लेकर आज भोपाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय में हिंदू उत्सव समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर संजय कुमार सिंह ने कहा कि होली पर्व शांति, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह का विवाद न हो, इसके लिए पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की व्यापक तैयारियां कर ली हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और कहीं भी स्थिति बिगड़ने नहीं दी जाएगी।
वहीं हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि इससे पहले होली को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी, लेकिन उसमें हिंदू उत्सव समिति को आमंत्रित नहीं किया गया था। इसको लेकर समिति ने कलेक्टर और पुलिस कमिश्नर के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि हिंदुओं के पर्व पर हिंदू उत्सव समिति को जानकारी न होना और बैठक में न बुलाया जाना उचित नहीं है।
चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि पुलिस कमिश्नर ने इस आपत्ति को संज्ञान में लेते हुए आज बैठक आयोजित की। बैठक में यह सहमति बनी कि हिंदू उत्सव समिति की ओर से किसी भी तरह की कोई गलती नहीं होगी। समिति द्वारा निकाले जाने वाले जुलूस के मार्ग में जहां-जहां अन्य धर्मों के धार्मिक स्थल स्थित हैं, उन्हें पानी से ढकने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी प्रकार का विवाद न हो।
अंत में सभी से अपील की गई कि होली के पर्व को प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं। साथ ही यह भी कहा गया कि वर्षभर जल संरक्षण पर ध्यान दिया जाए और होली के दिन रंग-गुलाल के साथ पर्व का आनंद लें, लेकिन “रंग में भंग” न करें।


