अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल - मैहर जिले के मुकुन्दपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धोबहट में एक युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती ने अपने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, मृतिका ने अपने हाथ पर कुछ शब्द लिख रखे थे। उसमें लिखा था कि “मेरा पैसा मेरी छोटी बहन की शादी में लगा देना।” यह संदेश मिलने के बाद परिवार के लोग भावुक हो गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा परिजनों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।