हरपालपुर। शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे सफाई अपनाओ- बीमारी भगाओ अभियान के तहत नगर परिषद हरपालपुर द्वारा नगर के विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत विवेकानंद हायर सेकेंडरी स्कूल सहित अन्य स्कूलों में विद्यार्थियों को सही तरीके से हाथ धोने की प्रक्रिया का प्रदर्शन कराते हुए हैंडवॉश गतिविधि कराई गई।
नगर परिषद अध्यक्ष अमित अग्रवाल एवं सीएमओ शैलेन्द्र चौहान के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित करना तथा संक्रामक बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने के महत्व की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर नगर परिषद के इंजीनियर गगन सूर्यवंशी, प्रदीप सेन, विद्यालय का शिक्षकीय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी को स्वच्छता अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी दिलाया गया।




