धार/गंधवानी, भानु प्रकाश शर्मा। संत शिरोमणि श्री रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में निकाली जा रही कलश रथ यात्रा बुधवार को गंधवानी पहुंची। यात्रा के नगर आगमन पर भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समाजजनों ने पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। यात्रा के दौरान संत रविदास जी के समानता, सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश से माहौल भक्तिमय नजर आया।


कलश रथ यात्रा ने गंधवानी क्षेत्र में बिल्दा से प्रवेश किया और बलवारी होते हुए नगर पहुंची। बस स्टैंड पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इसके बाद कलश रथ को संत रविदास मंदिर ले जाया गया, जहां समाजजनों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और संत रविदास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।


इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश मोटसरा ने संत रविदास जी के जीवन और विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को आडंबर से दूर रहकर निर्मल मन, सच्ची भक्ति और मानवता का मार्ग दिखाया। उनका संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी आत्मशुद्धि और सच्ची आस्था की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपने विचारों से समाज में नई चेतना का संचार किया।


मोहनलाल पाटीदार ने कहा कि संत रविदास जी ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव का विरोध किया। उनके विचार समाज में समरसता, भाईचारे और एकता की प्रेरणा देते हैं। शिवपाल आर्य ने भी संत रविदास जी के जीवन और सामाजिक संदेश पर विचार रखे। कार्यक्रम का आभार भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश पाटीदार ने व्यक्त किया।

महू में होगा यात्रा का समापन

गंधवानी से आगे कलश रथ यात्रा खेड़ी, बढ़िया और जीराबाद होते हुए कच्छवदा पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा महू पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के समानता, सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।


जन अभियान परिषद ने भी किया स्वागत

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद से जुड़ी नवांकुर संस्थाओं ने भी गंधवानी बस स्टैंड और संत रविदास मंदिर पर कलश रथ यात्रा का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान ब्लॉक समन्वयक दयाराम मुवेल, दिनेश सिंघार, पीयू गुप्ता, हरिओम मालवीया, करण सोलंकी, लक्ष्मण अखाड़े, संतोष सावरा सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे।


कार्यक्रम में मोहन मुलेवा, नीलेश राठौड़, दीपक पांडे, रवि काग, संतोष जमादार, भारत भिड़े, शांतिलाल, संतोष वानखेड़े, मुकेश सूर्यवंशी, सुरेश अलावा, पवन प्रजापत, कविता चौहान, चंदा पाटीदार, राखी मित्तल सहित महिला शक्ति और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।