भोपाल, जीतेन्द्र यादव। भोपाल के कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार की रात अचानक गोलीबारी की दहशत फैल गई। बदमाशों ने एक मकान और खड़ी कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।


एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि शुरुआती घंटों में घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। बाद में सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की गई, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान हो सकी। पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल एक आरोपी पुराना बदमाश है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह जिला बदर भी चल रहा है।


जांच में सामने आया है कि फरियादी और आरोपी के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश को फायरिंग की मुख्य वजह माना जा रहा है। आरोपी हाल ही में इंदौर में रह रहा था। किसी विवाद के चलते वह भोपाल आया और रात के अंधेरे में इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को जानकारी मिली है कि इस घटना में दो आरोपी शामिल हैं।


फरियादी ने पुलिस पर आरोप लगाया था कि रात में घटना की सूचना देने के बावजूद तुरंत एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इस पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि शुरुआती जांच में घटना की पूरी जानकारी और परिस्थितियां साफ नहीं थीं। सीसीटीवी समेत अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही पुलिस ने तत्काल हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया।


फिलहाल पुलिस की टीमें दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आगे की जांच जारी है।