बमीठा, अशोक नामदेव। खनिज विभाग ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेत से भरे एक हाईवा वाहन को जप्त किया है। जानकारी के अनुसार खनिज विभाग को सुबह सूचना मिली थी कि अवैध रेत से भरा हाईवा एनएच-39 मार्ग से गुजर रहा है। सूचना मिलते ही खनिज अधिकारी मुनेन्द्र सिंह हमराह बल के साथ मौके के लिए रवाना हुए और वाहन का पीछा किया।
खनिज विभाग की टीम ने चंद्रनगर के पास हाईवा को रोककर जांच की, जिसमें वाहन में अवैध रूप से रेत परिवहन होना पाया गया। इसके बाद विभाग ने हाईवा को जप्त कर बमीठा थाना परिसर में खड़ा करा दिया। इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
कार्रवाई के दौरान खनिज अधिकारी मुनेन्द्र सिंह के साथ आरक्षक रामलखन पटेल एवं राममिलन सोनकिया का विशेष सहयोग रहा। खनिज विभाग ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

