भोपाल/नई दिल्ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। करीब आधे घंटे चली इस मुलाकात में प्रदेश के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री शाह को मध्यप्रदेश में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और जमीनी हकीकत से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किस तरह प्रदेश में सहकारिता के क्षेत्र में नए प्रयोग और नवाचार किए जा रहे हैं, जिससे किसानों और आम लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।
सीएम ने प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं का ब्यौरा भी रखा। उन्होंने मध्यप्रदेश की विकास यात्रा को और तेज करने के लिए केंद्र से सहयोग की अपेक्षा जताई और मार्गदर्शन मांगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाए और हर नागरिक के जीवन में समृद्धि आए।




