सागर, स्वाति सोलंकी। मध्य प्रदेश के सागर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना चौकी में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 32 वर्षीय संगीता उर्फ बसंती विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए हैं।
ससुराल पक्ष का फांसी का दावा, मायके पक्ष का हत्या का आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि महिला ने फंदे पर लटककर आत्महत्या की है। इसके विपरीत, मृतका के मायके पक्ष ने पति, सास और ससुर पर संगीता की हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए देवरी भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
12 साल पहले हुआ था विवाह
मृतका के भाई खेमचंद विश्वकर्मा के अनुसार, उनकी बहन संगीता की शादी करीब 12 साल पहले ग्राम पुरैना निवासी महेंद्र विश्वकर्मा के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे भी हैं। परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति का रवैया बदलने लगा था।
शराब और अवैध संबंधों के विवाद के चलते 9 महीने से मायके में थी महिला
मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति शराब के नशे में संगीता के साथ अक्सर मारपीट करता था। इसके अलावा उसके किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध भी थे, जिसका संगीता विरोध करती थी। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर वह पिछले नौ महीनों से अपने मायके (नरसिंहपुर जिले के ग्राम बासादेही नया खेड़ा) में रह रही थी।
बीमारी का बहाना बनाकर वापस ले गया था पति
परिजनों ने बताया कि घटना से महज 15 दिन पहले ही पति महेंद्र उनके छोटे बेटे की बीमारी का हवाला देकर संगीता को वापस अपने साथ ससुराल लेकर आया था। मायके पक्ष का कहना है कि वापस लाने के कुछ ही दिनों बाद उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
महाराजपुर थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मृतका की मौत असल में किन परिस्थितियों और कारणों से हुई है, इसका खुलासा विसरा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तथा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।














