बमीठा, अशोक नामदेव। बमीठा-खजुराहो रोड पर सोमवार रात करीब 10:30 बजे एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और स्कूटी के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गलत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में स्कूटी सवार रवि मिश्रा निवासी बमीठा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं मोटरसाइकिल सवार विन्द्रावन कुशवाहा और लखन कुशवाहा निवासी बमीठा भी घायल हुए हैं।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बमीठा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




