भोपाल। मध्य प्रदेश में मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीदी को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्य के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना को पत्र लिखकर स्थिति स्पष्ट की है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने 'पीएम-आशा' योजना के तहत मध्य प्रदेश को 4,54,580 मीट्रिक टन मूंग खरीदी की मंजूरी दी है। यह देश के किसी भी राज्य को मिली अब तक की सबसे अधिक स्वीकृति है। केंद्र द्वारा पूरे देश के लिए मंजूर की गई कुल 5,23,243 मीट्रिक टन मूंग खरीदी में से अकेले मध्य प्रदेश का हिस्सा 87 प्रतिशत है, जो राज्य के किसानों के प्रति केंद्र के विशेष सहयोग को दर्शाता है।
शिवराज सिंह चौहान ने पत्र में स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार राज्यों के लिए खरीदी का कोई निश्चित लक्ष्य तय नहीं करती, बल्कि योजना के नियम अनुसार अनुमानित उत्पादन का अधिकतम 25 प्रतिशत तक खरीदने की अनुमति दी जाती है (जरूरत पड़ने पर सचिवों की समिति आगे का निर्णय लेती है)। आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश को 2021-22 से लेकर 2025-26 तक लगातार रिकॉर्ड स्वीकृति मिलती रही है। 29 जुलाई तक प्रदेश में लगभग 60 हजार मीट्रिक टन मूंग की खरीदी पूरी हो चुकी है। केंद्रीय कृषि मंत्री ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि मानसून और समय को देखते हुए किसानों के हित में मूंग खरीदी की प्रक्रिया को और अधिक तेज और सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जाए।




