छतरपुर, संजय अवस्थी। कांग्रेस ने शुक्रवार को छतरपुर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान 9 अगस्त को प्रस्तावित देशव्यापी छात्र आंदोलन की घोषणा करते हुए केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था "आईसीयू" में पहुंच चुकी है और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्रों का भविष्य संकट में है।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष गगन यादव, पूर्व विधायक विक्रम सिंह नातीराजा, पूर्व जिलाध्यक्ष लखन पटेल, पार्टी प्रवक्ता संतोष तिवारी सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष गगन यादव ने कहा कि नीट सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कोटा पहुंचकर छात्रों से संवाद किया था और कांग्रेस ने इस पूरे मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज नहीं सुन रही है। कांग्रेस पत्रकारों के माध्यम से सरकार को चेतावनी देना चाहती है कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं तो 9 अगस्त से पूरे देश में छात्र आंदोलन शुरू होगा।
गगन यादव ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था के "आईसीयू में होने" का आशय यह है कि जहां-जहां शिक्षा में भ्रष्टाचार हुआ है या हो रहा है, वहां भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नहीं चाहती कि बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त करें, क्योंकि शिक्षित युवा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सवाल पूछेंगे।

