भोपाल के निशातपुरा इलाके में निजी अस्पताल की चौथी मंजिल से गिरने के कारण 42 वर्षीय रणधीर धाकड़ की मौत हो गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वे खुद कूदे या दुर्घटनावश गिरे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद बॉडी परिजनों को सौंप दी गई।
टीआई मनोज पटवा के मुताबिक युवक पीपुल्स अस्पताल में 13 नवंबर को नेत्र ऑपरेशन के लिए भर्ती हुआ था। 14 नवंबर को उसका ऑपरेशन हो चुका था। अस्पताल का कहना है कि वह खुद छत पर गया था और वहीं से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गया।
एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामला आत्महत्या का है या हादसे का। घटना के समय उसके साथ कोई अटेंडर मौजूद नहीं था।

