इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी में प्रयुक्त होने वाले म्यूल बैंक खातों (Mule Bank Accounts) के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी है। इसी कड़ी में लसूड़िया थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग की रकम के लेनदेन के लिए बैंक खाते का उपयोग करने वाले मंदसौर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और करीब 50 खाली (ब्लैंक) चेक जब्त किए हैं। मामले में खाता उपलब्ध कराने वाले रतलाम निवासी एक अन्य युवक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
बैंक ऑफ इंडिया के म्यूल खाते से हो रहा था बेटिंग की रकम का ट्रांजैक्शन
साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल हो रहे म्यूल खातों पर कार्रवाई करते हुए लसूड़िया पुलिस ने मंदसौर निवासी शुभम को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग से जुड़ी रकम के ट्रांजैक्शन के लिए बैंक ऑफ इंडिया के एक म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल कर रहा था, जिसे रतलाम निवासी विनोद ने उपलब्ध कराया था। एडिशनल डीसीपी राजेश डंडोतिया ने बताया कि आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और लगभग 50 ब्लैंक चेक बरामद हुए हैं। इतनी बड़ी तादाद में खाली चेक मिलने के बाद पुलिस इनके उपयोग, बैंक खाते में हुए लेनदेन और पूरे वित्तीय नेटवर्क की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी विनोद सहित इस गिरोह में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की तलाश कर रही है।
क्राइम ब्रांच और इंदौर पुलिस कमिश्नरेट की आमजन को सलाह
क्राइम ब्रांच और इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन भुगतान करने से पूर्व उसकी पहचान और प्रामाणिकता की पुष्टि अवश्य करें। साथ ही OTP, PIN, CVV या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध मोबाइल ऐप डाउनलोड करने से बचें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल इंदौर पुलिस साइबर हेल्पलाइन नंबर (7049124445), राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर (1930) अथवा आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं।















